बालोद Balod. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अधेड़ प्रेमी ने अपनी 40 वर्षीय प्रेमिका की चाकू गोदकर हत्या कर दी। रविवार देर रात को दोनों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद अधेड बॉयफ्रेंड ने उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला यहां के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पांडे पारा इलाके की रहने वाली महिला सीमा धनगुल(40) के पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और वह कृषि उपज मंडी में कार्यरत थी। इसी कृषि उपज मंडी में गंगाधर टंडन लाइन इंसपेक्टर के पद पर कार्यरत था। इस दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और दोनों एक साथ रहने लगे। दोनों बिना शादी के ही लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। इनकी नजदीकियां ऐसी थी कि गंगाधर की पोस्टिंग कवर्धा हो गई लेकिन वह गया नहीं।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात को गंगाधर व सीमा के बीच काफी विवाद हुआ। इस विवाद के बाद गंगाधर ने महिला की हत्या कर दी। दोनों के बीच जब विवाद हो रहा था उस दौरान मकान मालिक ने आवाज सुनी थी उसी ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में खून से लथपथ महिला की लाश मिली। महिला का शव निर्वस्त्र मिला और पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।




