जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने एक ऐसा चोर गिरोह को पकड़ा है जिसने चार जिलों में कोहराम मचा रखा था। गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार कर पुलिस ने इनके पास से 185 ग्राम सोना व 5 किलो 936 ग्राम चांदी जब्त किया है। जिसकी कीमत लगभग 14 लाख 6 हजार 750 रुपए है। यही नहीं इन बदमाशों के पास 4 लाख 13 हजार 430 लाख रुपए नगद, एक देशी कट्टा, ताला तोड़ने के औजार और तीन मोटर साइकिलें बरामद की हैं। इस गिरोह से पुलिस ने कुल 24 लाख 30 हजार 180 रुपए का मशरुका बरामद किया है। खासबात यह है पकड़े गए गिरोह में दो ज्वेलर्स भी हैं जो इनसे चोरी का माल खरीदते थे। इस मामले में रविवार को खुलासा किया गया।


मामले का खुलासा करते हुए जांजगीर पुलिस ने बताया कि चोर गिरोह ने चार जिलों में 30 से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। गिरोह का मुख्य सरगना विनोद कुमार वासुदेव है जो कि पहले मोटर सायकल चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इस गिरोह ने जांजगीर जिले में सबसे ज्याद 24 वारदातों को अंजाम दिया। इसके अलावा सक्ती में 03, रायगढ़ में 01 व बिलासपुर में 02 घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपी चोरी के जेवर अपने घर पर महिलाओं को पहनने के लिए देते थे। कई मौके पर शादी व सगाई के लिए रखी ज्वेलरी को भी आरोपियों ने पार किया है। आरोपीगणों के कब्जे से सोने चांदी के आभूषण मिले है जिसे धारा 41(1-4)/454, 380 भादवि के तहत् जब्त किया गया है। शातिर बदमाश ज्वेलर्स को कम कीमत पर आभूषण देते थे तथा रकम को फोन पे के माध्यम से प्राप्त करते थे।

लगातार बढ़ रही चोरियों के बाद बनाई गई टीम
जांजगीर जिले में दिसंबर 2022 से लगातार बढ़ रही चोरियों को देखते हुए आरोपियों पर नजर रखी जा रही थी। यह चोरियां सूने मकानों में ज्यादा हो रही थी। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि पिसौद शराब भठ्ठी के पास कुछ व्यक्ति बैग में संदिग्ध सामान रखे है तथा शराब के नशे में चोरी करने की बात कह रहे हैं। सूचना पर थाना जांजगीर एवं विशेष टीम के द्वारा घेराबंदी कर विनोद वासुदेव, सुनील मरावी, भूपेन्द्र सिंह राठौर, संतोष, वेदप्रकाश वासुदेव एवं गंझु सिंह को हिरासत में लिया।
इनके पास जो बैग मिला उसमें कांस की थाली व बर्तन रखे थे। पूछताछ करने पर इन सभी सुने मकान से चोरी करने की जानकारी दी। इन्हें थाने लाकर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो जांजगीर सहित बिलासपुर, सक्ती व रायगढ़ में भी चोरियां करने की बात बताई। गिरोह के सभी सदस्य मिलकर सूने मकानों को निशाना बनाते थे। कुछ लोग घर के अंधर घुसते और कुछ बाहर पहरेदारी करते। इस तरह एक पिछले कुछ माह में 30 से ज्यादा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के जेवर प्रगति नगर दर्री के वास्तव प्रसाद सोनी एवं काशीनगर बुधवारी सीएसईबी जिला कोरबा के हरीष सोनी को बेचते थे। चोरों की निशानदेही पर दोनों ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार कर सोने चांदी के जेवर बरामद किया गया। इस पूरी कार्रवाई में एएसपी शैलेन्द्र पाण्डेय, एएसपी चन्द्रशेखर परमा, निरीक्षक लखेश केंवट, उनि पुष्पराज साहू, गजालाल चंद्राकर, अवनीश श्रीवास, सउनि दिलीप सिंह, मुकेश पाण्डेय, रामप्रसाद बघेल, प्रआर. मनोज तिग्गा, राजकुमार चंद्रा, आरक्षक विरेन्द्र टंडन, शहबाज खान, अर्जुन यादव, चिरंजीव कमलेश, विवेक सिंह, श्रीकांत सिंह, मनीष राजपूत, संतोष रात्रे, जय उरांव, नरेंद्र वैष्णव एवं महेश राज का विशेष योगदान रहा।




