बीजापुर। जिले में चार लोग अचानक लापता हो गए हैं। इनमें एक ठेकेदार भी शामिल है जो पेटी कान्ट्रेक्ट लेकर काम करता है। इनके लापता हुए 9 दिन बीत चुके हैं लेकिन इनका कोई सुराग नहीं मिला है। पेटी ठेकेदार सहित सभी चार लोग यहां सड़क निर्माण कार्य में लगे थे। आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने इनका अपहरण किया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इधर पेटी कांट्रेक्टर सहित अन्य लापता लोगों के परिजनों ने भावुक अपील की है।

मिली जानकारी के अनुसार यह सभी 24 दिसंबर से लापता हैं। इनमें कोंडागांव निवासी निमेंद्र कुमार दीवान और नीलचंद नाग, लोहंडीगुड़ा निवासी टेमरू नाग व बारसूर निवासी चापड़ी बत्तैया शामिल हैं। यह सभी 24 दिसंबर को जिले के धुर नक्सल प्रभावित गोरना क्षेत्र के लिए निकले और वापस नहीं लौटे। इसके बाद इनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। इनक परिवार वालों ने रविवार को मीडिया सामने आकर इसकी जानकारी दी है। मीडिया के माध्यम से परिजनों ने नक्सलियों से अपील की है कि यदि उन्होंने अपहरण किया है तो उन्हें छोड़ दें।




