रायपुर। राजधानी रायपुर के तिल्दा में बेटी ने अपने पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार की बताई जा रही है। बेटियों से पिता का विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि एक बेटी ने डंडे पिता की बेदम पिटाई कर दी। इससे पिता की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपिया बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में जो वजह सामने आई वह भी हैरान कर देने वाली है। बताया जा रहा है पिता अपनी ही बेटियों पर बुरी नजर रखता था और आए दिन उन्हें ताने मारता था।

मिली जानकारी के अनुसार तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में रहने वाले हूबलाल की उसकी बेटी कल्पना भारती ने डंडे से पीट पीटकर हत्या कर दी। मृतक की नौ बेटिया हैं और एक बेटा। बताया जा रहा है आए दिन हूबलाल की अपनी बेटियों के साथ विवाद होता था। मंगलवार को भी किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि कल्पना भारती ने डंडा उठाया और उसकी पटाई शुरू कर दी। इस दौरान घरवालों ने बीच बचाव का प्रयास भी किया लेकिन बचा नहीं पाए। घटना की सूचना के बाद पुलिस पहुंची और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने आरोपिया बेटी को गिरफ्तार कर लिया।




