सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मंगलवार को दिन दहाड़े एएसआई की हत्या कर दी गई। सब्जी खरीदने बाजार पहुंचे एएसआई पर युवक ने हमला कर दिया और डंड़े से जोरदार वार किया। इस हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना जिले के सरिया थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यहां के सरिया थाने में पदस्थ ASI डीएन साहू (59) अटल चौक पर मंगलवार की दोपहर को मटर खरीद रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में धुत युवक पहुंचा और अचानक एएसआई पर हमला कर दिया। युवक ने डंडे से एएसआई के सिर पर जोरदार वार कर दिया जिससे उसका सिर फट गया। वह बदहवास होकर गिर पड़ा और उसके सिर से खून बहने लगा। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और एएसआई साहू को लोगों ने बरमकेला अस्पताल में भर्ती कराया। अत्याधिक खून बह जाने के कारण एएसआई की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सूचना के बाद सरिया थाने की पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी युवक का नाम श्याम लाल सिदार (35) है। वह यहां के वार्ड क्रमांक 5 का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास ने हत्या में इस्तेमाल डंडा भी जब्त कर लिया है। युवक ने एएसआई पर जानलेवा हमला क्यों किया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि हमला करने वाला श्याम लाल सिदार मानसिक बीमार है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।




