बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में धर्म नगरी रतनपुर के महामाया मंदिर में शराबखोरी व नॉनवेज पार्टी करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने मंदिर परिसर में न सिर्फ शराब पी बल्कि यहां पर बकरे का मटन व बिरयानी खाई और झूठन को वहीं फेंक दिया। सुबह जब मंदिर के पुजारियों ने यहां का नजारा देखा तो रतनपुर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार महामाया मंदिर में पिकनिक मनाने आए कुछ लोगों ने यहां पर बकरा व बिरयानी पार्टी की। इनकी हरकतों पर किसी ने गौर नहीं किया। बाद में जब पता चला तो काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय कुछ युवकों के साथ इनकी बहस भी हुई। वहीं गार्ड ने भी इन्हें मंदिर परिसर में यह सब करने से मना किया लेकिन वे लोग नहीं माने। काफी देर तक इन्होंने अपनी मनमानी की और मटन व बिरयानी का झूठन व शराब पीकर झूठन वहीं फेंक कर चले गए। अब इस मामले को लेकर लोगों में आक्रोश है और मंदिर प्रबंधन ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।




