भिलाई। लॉकडाउन के बाद अब जब आम जनजीवन सामान्य हो रहा है वहीं साप्ताहिक बाजारों को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। 1 जुलाई से अनलॉक 2 के दौरान साप्ताहिक बाजारों को भी खोलने पर सहमति हुई लेकिन आज जब बोरिया मार्केट में बाजार लगाने व्यवसाई पहुंचे तो वहां दुकान लगाने नहीं दिया गया। इससे नाराज व्यवसायियों ने निगम गेट के समक्ष प्रदर्शन किया। यही नहीं व्यवसायियों ने गेट के सामने ही दुकानें लगाना शुरू कर दिया। इसके बाद निगम के अधिकारी हरकत में आए और आनन फानन में एक दिन के लिए आस्थाई तौर पर दुकान लगाने की अनुमति दे दी। वहीं स्थाई अनुमति के लिए कलेक्टर से मिलने कहा गया।

साप्ताहिक बाजार के व्यवसायियों ने बताया कि पूर्व में एक जुलाई के बाद साप्ताहिक बाजारों को खोलने संबंधी नोटिफिकेशन आया था। बुधवार को बोरिया मार्केट का दिन रहता है। ऐसे में कई व्यवसायियों ने आज सब्जियां खरीद लीं और जब बाजार लगाने पहुंचे तो बीएसपी के अधिकारियों ने लिखित में आदेश नहीं होने की बात कहते हुए दुकानें लगने नहीं दी। व्यवसायियों ने बताया कि हमने निगम पहुंचकर प्रदर्शन किया है। अधिकारियों ने कहा है कि स्थाई अनुमति देने का अधिकार कलेक्टर को है। व्यवसासियों की व्यथा को देखते हुए आज की अनुमति मिली है। व्यवसायियों ने कहा कि कल कलेक्टर से मिलकर स्थाई अनुमति की मांग करेंगे।




