भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में लगभग एक सप्ताह पूर्व ब्रिज निर्माण कंपनी के कर्मचारी से हुई लूट के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बदमाश ने नाइट ड्यूटी कर रहे कर्मचारी पर चाकू नोक पर उसका मोबाइल लूट कर भाग गया था। इस मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का मोबाइल बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार कांट्रेक्टर कॉलोनी निवासी कमलजीत साव रॉयल इन्फ्राकंस्ट्रो सुपेला ब्रिज निर्माण कंपनी में काम करता है। 6 अगस्त को चन्द्रा मौर्या टाकिज अंडर ब्रिज के पास रात्रि ड्यूटी में था। इस दौरान रात लगभग 2.30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति अपने मोटर सायकल से आया और उसे चाकू एवं पेचकश दिखा कर डराया और उसका मोबाइल लूट कर ले गया। इस मामले में रविवार को प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेण्ष निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा, एसीसीयू प्रभारी संतोष मिश्रा के नेतृत्व में अलग-अलग टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की गई। इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चन्द्रा मौर्या टाकिज मजार के पास चोरी का मोबाइल बेचने ग्राहक खोज रहा है। सूचना मिलते पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी के कब्जे से मोबाइल व बाइक जब्त किया। निरीक्षक दुर्गेश कुमार शर्मा थाना प्रभारी थाना सुपेला, एसीसीयू प्रभारी संतोष मिश्रा, प्रधान आरक्षक संतोष शर्मा, आरक्षक रवि कुमार, सुरेन्द्र पटेल, सूर्यप्रताप सिंह एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम का विशेष योगदान रहा।




