भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में दो सगे भाईयों के अपहरण मामला झूठा निकला। दुर्ग पुलिस ने इस पूरे मामले में स्पष्टीकरण दिया है और बताया है कि यह अपहरण का मामला नहीं है। दरअसल दोनों भाइयों को उत्तर प्रदेश की पुलिस ने हिरासत में लिया है। इन दोनों भाइयों के खिलाफ यूपी के सुल्तानपुर में अपराध दर्ज है।

बता दें गुरुवार गुरुवार की रात 8 बजे के आसपास सुभाष चौक केम्प वन में विष्णु प्रसाद साव और उसका छोटा भाई शुभम प्रसाद साव एगरोल ठेला पर अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान वहां पर एक आर्टिका वाहन आकर रुकी। आर्टिका से दो युवक उतरे और विष्णु प्रसाद साव का कालर पकड़कर घसीटते हुए गाड़ी के अंदर ले गए। यह देखकर शुभम प्रसाद साव पूछताछ करने लगा तो तीन से चार युवकों ने उसे भी उठाकर गाड़ी में डाल दिया और वहां से निकल गए।
जब यह घटनाक्रम हुआ तक दोनों भाइयों का चचेरा भाई हर्ष खड़ा था। थोड़ी दूर पर उनका मामा भी मौजूद था। जानकारी होते ही मामा ने बाइक में जलेबी चौक तक पीछा किया। लेकिन आर्टिका वाहन नजरों से ओझल हो चुकी थी। उसने तत्काल छावनी थाने में भांजों के अपहरण की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और उसके बाद पता चला कि यह अपहरण नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की पुलिस दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर गई है।
इस मामले में दुर्ग पुलिस ने स्पष्टिकरण दिया है। एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया है कि यह अपहरण का मामला नहीं है बल्कि उत्तर प्रदेश की पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर ले गई है। एएसपी राठौर ने बताया कि उत्तरप्रदेश जिला अंबेडकर नगर थाना राजे सुलतानपुर में दर्ज दो अपराध क्रमांक 184/25, 185/25 में वहां की पुलिस ने विष्णु प्रसाद साव और उसका छोटे भाई शुभम प्रसाद साव को गिरफ्तार किया है। यूपी पुलिस ने मौके पर मौजूद परिजन को इसकी सूचना दी गई थी और दुर्ग पुलिस को जानकारी दी गई।




