भिलाई। कुम्हारी फ्लाईओवर हादसे के बाद अनाथ हुई बच्ची को छत्तीसगढ़ सरकार गोद लेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को ट़्वीट का इसकी जानकारी दी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इससे पहले हादसे के दिन भी मृतक पति-पत्नी के संबंध में संवेदना जता चुके हैं। हादसे में अनाथ हुई बच्ची को गोद लेने की बात कहकर सीएम भूपेश बघेल ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है।

बता दें 10 दिन पहले कुम्हारी फ्लाईओवर पर भी ठेका कंपनी की लापरवाही से बड़ा हादसा हुआ था। जंजगिरी से रायपुर जा रहे पति पत्नी व उसकी बेटी फ्लाईओवर के अधूरे हिस्से से जा रहे थे और बीच में पुल से नीचे गिर गए। हादसे में रायपुर चंगोराभाटा निवासी आजु राम देवांगन व उसकी पत्नी निर्मला देंवांगन की मौत हो गई थी। हादसे के समय में इनके साथ इनकी बेटी अन्नु देवांगन भी बाइक पर सवार थी लेकिन उसकी जान बच गई। हादसे के बाद अन्नु देवांगन को ठेका कंपनी की ओर से 15 लाख रुपए की राशि दी गई है। अब सरकार ने अन्नु की जिम्मेदारी उठाने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि कुम्हारी फ्लाईओवर में दुखद घटना में अनाथ हुई बच्ची अब हम सबकी जिम्मेदारी है। हमने इस बच्ची को गोद लेने का निर्णय लिया है। बच्ची की समस्त जिम्मेदारी अब सरकार की है। सीएम भूपेश बघेल की घोषणा के बाद अब बच्ची की पढ़ाई से लेकर उसकी तमाज जरूरतों को सरकार पूरा करेगी। सीएम भूपेश बघेल की इस घोषणा ने एक बार दिखाया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ऐसे मामलों में कितने संवेदनशील हैं।




