दुर्ग। पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल के रिश्तेदार पंकज राठी के घर हुई चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 6 दिन पहले हुई इस चोरी में पुलिस 1 आरोपि को गोवा से गिरफ्तार किया है। दुर्ग में चोरी कर आरोपी गोवा में अय्यासी कर रहे थे। खासबात यह है कि इस चोरी का मास्टर माइंड नागपुर जेल में 12 साल की सजा काट चुका है। पुलिस ने इनके पास से करोड़ों के माल की रिकवरी की है। दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि इस पुरे मामले में लगी टीम को आईजी डॉक्टर आनंद छाबड़ा ने २५ हज़ार रूपए का ईनाम देने की घोषणा की है।

बता दें आदर्श नगर दुर्ग निवासी पंकज राठी के घर 6 फरवरी को चोरी हुई। पंकज राठी, पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल के रिश्तेदार हैं। वे 5 फरवरी बृजमोहन अग्रवाल की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए रायपुर गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सोमवार की रात को वापस लौटे तो उन्हें अपने घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारियां भी खुली हुई थी। सारा सामान बिखरा हुआ था। चेक करने पर आलमारी में रखे 10 लाख रुपये नकद, डेढ़ किलो सोने के जेवर और 15 किलो चांदी के जेवर नहीं थे। इस मामले में पद्मनाभपुर चौकी में अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की गई थी।
इस मामले में अब तक मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों से पुलिस ने 100 फीसदी रिकवरी की है। पुलिस ने 3 किलो सोना, 15 किलो से ज्यादा चांदी और 6 लाख कैश बरामद किया है। चोरी के मास्टर माइंड से दुर्ग व आसपास के क्षेत्र में और भी चोरियों का खुलासा हो सकता है। अनुमान है कि इन चोरों ने 40 से ज्यादा चोरियां की हैं और दुर्ग भिलाई में 4-5 चोरियों में इनकी भूमिका है। इस मामले में रिकॉर्ड टाइम में एएसपी संजय ध्रुव, सीएसपी दुर्ग वैभव बैंकर, एसीसीयू प्रभारी संतोष मिश्रा, पद्मनाभपुर प्रभारी राजीव की टीम ने चोरों को पकड़ा है।




