भिलाई। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र स्थित एक फूड प्रोडक्ट्स की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। मंगलवार की सुबह अचानक लगी आग की सूचना पर जिला अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाना शुरू किया। इस दौरान दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक फैक्ट्री में आग बुझाया जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार जेवरा सिरसा स्थित फूड प्रोसेस फैक्ट्री नमन फूड प्रोडक्ट्स में मंगलवार की सुबह अचानक आग लग गई। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास सुबह 6 बजे नमन फूड प्रोसेस के मालिक नमन जैन का फोन आया था। उन्होंने बताया कि उनकी फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से आग लग गई है। फैक्ट्री के अंदर लाखों की संख्या में बारदाना रखे हैं। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां वहां पहुंची। फायर ब्रिगेट की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया। दोपहर तक आग बुझाने का काम जारी रहा।
इधर इस मामले में जेवरा सिरस चौकी पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री के एक बड़े गोदाम में आग लगी है। गोदाम में भारी मात्रा में बारदाने रखे हुए हैं और आग इसमें पकड़ने के कारण भीषण हो गई। आग इतनी ज्यादा है कि फायर ब्रिगेड नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग से किसी प्रकार की जनहानी नहीं हुइ है। वहीं नुकसान का आंकलन आग बुझने के बाद ही हो पाएगा। संभवत: आग लगने का कारण शार्ट सर्किट हो सकता है। शार्ट सर्किट के कारण बारदाने में आग लगने की संभावना है।




