रायपुर। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू का प्रभार बदल दिया गया है। रविवार को जारी सूची के अनुसार गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को महासमुंद वा कोरिया जिले का प्रभारी बनाया गया है। मंत्री साहू इसके पहले बिलासपुर जिले का प्रभारी थे। जारी सूची के अनुसार राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को बिलासपुर जिले का नया प्रभारी बनाया गया है। साथ ही जयसिंह अग्रवाल गौरेला-पेंड्रा- मरवाही व जांजगीर के प्रभारी रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश के कुछ और मंत्रियों के भी प्रभार बदले गए हैं।
इनमें स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव को कबीरधाम का बेमेतरा का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। वही मोहम्मद अकबर पहले की तरह दुर्ग के प्रभारी मंत्री रहेंगे। नगरीय निकाय मंत्री शिव कुमार डहरिया सरगुजा, बलरामपुर, रामानुजगंज, सूरजपुर के प्रभारी होंगे। महिला एवं बाल विकास व समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया धमतरी और कांकेर जिले की प्रभारी बनाई गई हैं। इसी प्रकार गुरु रूद्र कुमार मुंगेली सुकमा और मंत्री अमरजीत भगत गरियाबंद राजनांदगांव के प्रभारी होंगे। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे का स्थान यथावत रहेगा वे राजधानी रायपुर के प्रभारी मंत्री रहेंगे। आबकारी मंत्री कवासी लखमा बस्तर, दक्षिण बस्तर, बीजापुर, कोंडागांव व नारायणपुर प्रभार देखेंगे। प्रेमसाय सिंह कोरबा और रायगढ़ के प्रभारी मंत्री बने रहेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल बलौदा बाजार, बालोद व जसपुर के प्रभारी मंत्री रहेंगे।





