भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में बुधवार को ग्राहक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। खुर्सीपार पुलिस ने इस मामले में तीन बाउंसरों को हिरासत में लेकर उनपर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

मिली जानकारी के अनुसार 25 मार्च को थाना खुर्सीपार क्षेत्र अंतर्गत शताक्षी गैस एजेंसी खुर्सीपार में गैस सिलेंडर लेने आए ग्राहक संतोष कुमार बैठा, उम्र 32 वर्ष, निवासी दुर्गा मंदिर खुर्सीपार द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया कि वह गैस लेने हेतु एजेंसी के सामने लाइन में खड़ा था। इसी दौरान लाइन में लगने की बात को लेकर एजेंसी के बाउंसरों द्वारा वाद-विवाद , धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
प्राप्त आवेदन के आधार पर थाना खुर्सीपार द्वारा मामले की जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126, 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई एवं उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी, छावनी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस मामले में पुलिस द्वारा हरिओम चौधरी, उम्र 23 वर्ष, निवासी हाथखोज भिलाई, विकास सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी खुर्सीपार तथा विक्की विश्वकर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी कैंप 01 छावनी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। उक्त कार्यवाही में थाना खुर्सीपार पुलिस स्टाफ की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई रही, जिसके परिणामस्वरूप समय रहते विवाद को नियंत्रित कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम की गई।




