रायपुर Raipur. राजधानी रायपुर में निगम पार्षद और उनके बेटे से ब्लैकमेलिंग के जरिए 10 लाख की डिमांड का मामला सामने आया है। पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने जांच की और इस मामले में शातिर युवती व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। युवती को पार्षद ने ही अपनी सास की देखभाल के लिए रखा था।
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के महंत लक्ष्मीनारायण वार्ड नंबर- 43 के पार्षद जितेंद्र अग्रवाल ने इस संबंध में एसपी से शिकायत की थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वे अपनी सास की सेवा के लिए आदर्श सेवा संस्था से केयरटेकर बुलवाया था। संस्था ने हेमिन साहू नाम की युवती को केयर टेकर के तौर पर इनके घर पर भेजा। यहां काम के दौरान युवती ने पार्षद के बेटे सुशांत अग्रवाल पर डोरे डालना शुरू कर दिया। उसके ममोबाइल पर अश्लील मैसेज व कॉल करती थी।
सुशांत ने अपने पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पार्षद ने संस्था को कॉल कर हेमिन साहू को भेजने से मना कर दिया। इसके बाद युवती ने फोन कर पार्षद को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने पार्षद से 10 लाख रुपए देने की डिमांड की नहीं तो पुलिस में शिकायत की धमकी दी। पार्षद ने रुपए नहीं दिए तो युवती ने थाने में छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पार्षद ने एसपी के पास पहुंचकर मोबाइल की चैटिंग दिखाते हुए युवती पर ब्लैकमेलिंग की शिकायत की। एसपी के निर्देश पर डीडी नगर पुलिस ने जांच की और हेमिन साहू व उसके साथी भीखम जैन को गिरफ्तार कर लिया है।




