कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम भी निर्विरोध चुनी गई
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को और कांग्रेस ने फूलोदेवी को उम्मीदवार बनाया था। दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रत्याशी नहीं उतारा। जिससे चुनाव निर्विरोध हुआ। भाजपा प्रत्याशी के निर्विरोध चुने जाने पर सीएम साय ने बधाई दी है।

सीएम साय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं महिला आयोग की पूर्व सदस्य लक्ष्मी वर्मा जी को छत्तीसगढ़ से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि वे छत्तीसगढ़ की सशक्त आवाज बनकर प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दों को पूरी प्रतिबद्धता और मुखरता के साथ संसद के उच्च सदन में रखेंगी। उनका समृद्ध अनुभव और नेतृत्व क्षमता विकसित भारत – विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।




