रायपुर. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज से छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे है। वे चार दिन तक राजधानी रायपुर में रहेंगे। इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। एक तरफ रायपुर में संघ की बड़ी बैठक चल रही है। वहीं दूसरी ओर जेपी नड्डा के दौरे से सियासत गरमा गई है। नड्डा 10 से 12 सितंबर तक आरएसएस के समन्वय समिति की बैठक में भी शामिल होंगे। शुक्रवार को रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में जेपी नड्डा की सभा होगी। इससे पहले रायपुर एयरपोर्ट से बाइक रैली की अगुवाई में जेपी नड्डा तेलीबांधा पहुंचेंगे। इसके बाद भाजपा के जिला कार्यालय तक रोड शो करेंगे।

जुटेंगे 50 हजार से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में सड़क के दोनों छोर पर बीजेपी कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। इस दौरे के साथ जेपी नड्डा छत्तीसगढ़ में बीजेपी के कार्यकर्ताओं में जान फूंकने के लिए रायपुर में एक बड़ा रोड शो भी करेंगे। नड्डा रोड शो निकालते हुए तेलीबांधा, मरीन ड्राइव, घड़ी चौक होते हुए भाजपा जिला कार्यालय एकात्म परिसर पहुंचेंगे। जहां भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष छत्तीसगढ़ के तमाम नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे। जिसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष साइंस कॉलेज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम जाएंगे। साइंस कॉलेज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रदेशभर से 50,000 से ज्यादा कार्यकर्ताओं केके जुटने का अनुमान है।




