बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिला बीजापुर में शनिवार को हुए सुरक्षाबलों व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को बीजापुर पहुंचेंगे। जहां वे शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। साथ ही घायल जवानों से भी मुलाकात करेंगे।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर में शनिवार को नक्सलियों ने 700 से अधिक जवानों को घेर कर हमला किया। बीजापुर एसपी ने रविवार को बताया कि नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 22 जवान शहीद हो गए हैं और कई जवान अब भी लापता हैं। नक्सलियों ने दो दर्जन से अधिक सुरक्षाकर्मियों के हथियार भी लूट लिए।
इस घटना पर सीआरपीएफ के डीजी कुलदीप सिंह ने कहा कि अगर हमारी किसी भी तरह की विफलता होती, तो इतने नक्सली नहीं मारे जाते। उन्होंने कहा कि घायल नक्सलियों एवं मृत नक्सलियों के शवों को ले जाने के लिए तीन ट्रैक्टरों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि अभी ऑपरेशन में मारे गए नक्सलियों की सटीक संख्या कहना मुश्किल है, लेकिन यह संख्या 25-30 होनी चाहिए।
बीजापुर नक्सली हमला: गृह मंत्री अमित शाह आज पहुंचेंगे बीजापुर, शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि… घायलों से भी करेंगे मुलाकात




