श्रीकंचनपथ, डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप में गुरुवार को अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर हो गया। सुपर 12 के मुकाबले में आज जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को एक रन से हरा दिया है। पर्थ में खेले गए इस मैच में जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को 131 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन पाकिस्तान 129 रन ही बना सकी। मौजूदा टूर्नामेंट में पाकिस्तान की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को चार विकेट से हाराया था।
मैच के आखिरी ओवर में पाकिस्तान को 11 रनों की जरूरत थी। पहली गेंद पर नवाज ने तीन रन और दूसरी बॉल पर वसीम ने चौका जड़ दिया। इसके बाद पाकिस्तान को चार बॉल में चार बनाने थे और लग रहा था कि मैच पाकिस्तान आसानी से जीत जाएगा। इसके बाद तीसरी बॉल पर वसीम ने एक रन लिया अब तीन बॉल में तीन रन बनाने थे। यहां पर ट्विस्ट आया और अगली गेंद डॉट हुई और पांचवी बॉल पर नवाज का विकेट गिर गया। आखिरी बॉल पर पाक का एक बॉल पर तीन रन बनाना था लेकिन एक ही रन ले सके और दूसरा रन लेने के चक्कर विकेट गवां बैठे।
इससे पहले टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को कप्तान क्रेग इर्विन (19 रन) और वेस्ले मधेवेरे (17 रन) ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़कर अच्छी शुरूआत दी। इस भागीदारी का अंत रऊफ ने किया जब उनकी तेज रफ्तार वाली गेंद पर इरविन शार्ट फाइन लेग पर मोहम्मद वसीम को कैच दे बैठे। इसके बाद बराबर अंतराल में विकेट गिरते रहे। अंतिम ओवरों में ब्रैड इवांस और रेयान बर्ल ने उपयोगी योगदान दिया जिसके चलते जिम्बाब्वे की टीम आठ विकेट पर 130 रन बना पाई। 131 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम 129 रन ही बना पाई।




