भिलाई। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति में लगातार राहत मिल रही है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 21 हजार 878 सैंपलों की जांच की गई जिसमें में 20 से भी कम नए केस मिले। यही नहीं इस दौरान संक्रमण दर में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान संक्रमण दर 0.09 फीसदी रही। खासबात यह है कि प्रदेश के 14 जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया। यही नहीं लगातार चौथे दिन प्रदेश में कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मात्र 19 नए केस सामने आए हैं। इस बीच कुल 54 मरीज स्वस्थ्य भी हुए। इसके साथ ही प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 10 लाख 4 हजार 379 तक पहुंच गई है वहीं अब तक 9 लाख 90 हजार 314 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। नए केस मिलने व स्वस्थ हुए मरीजों के बाद प्रदेश में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 510 रह गई है। वहीं कुल मौतों की संख्या अब स्थिर है। प्रदेश में अब तक कुल 13 हजार 555 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई है।




