दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने पूर्व सरपंच की हत्या कर दी है जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के हितामेटा गांव के पूर्व सरपंच रामधर आलमी (50) की नक्सलियों ने चाकू मार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रामधर आलमी पारवारिक कार्य से नारायणपुर गए हुए थे। हांदावाड़ा जलप्रपात के पास नक्सलियों ने शनिवार रात को रामधर की हत्या कर दी। नक्सलियों ने एक पर्चा फेंका जिसमें पूर्व सरपंच पर कई आरोप लगाए।

मिली जानकारी के अनुसार हितामेटा गांव के पूर्व सरपंच रामधर आलमी शनिवार को नारायणपुर थुलथुली गांव गया हुआ था। यहां हांदावाड़ा जलप्रपात के पास एक गांव में पारिवारिक कार्यक्रम था। यहीं पर नक्सलियों ने उसकी हत्या कर दी। नक्सलियों ने चाकूगोदकर हत्या की और एक पर्चा फेंक कर भाग गए। पर्चे में पूर्व सरपंच पर पुलिस की सरेंडर पॉलिसी में सहयोग का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस मुखबिरी करने व बोदघाट परियोजना में पैसा खाने का आरोप लगाया गया है।
नक्सलियों ने यह भी लिखा कि तीन बार समझाइश के बाद भी पूर्व सरपंच के व्यवहार में सुधार नहीं आया और वह लगातार जनविरोधी कार्य कर रहा है। इस हत्या की जिम्मेदारी नक्सलियों की पूर्व बस्तर डिवीजन कमेटी ने ली है। वहीं इस मामले में दंतेवाड़ा एसपी सिदार्थ तिवारी ने कहा पूर्व सरपंच की हत्या की गई है। नक्सलियों ग्रामीणों की हत्या कर दहशत फैलाना चाह रहे हैं।




