भिलाई। नगर पालिक निगम रिसाली का महापौर किस वर्ग का होगा इसके लिए मंगलवार को रायपुर में आरक्षण प्रक्रिया संपन्न हुई। रिसाली नगर पालिक निगम का महापौर पद ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया है। इसके साथ ही अब रिसाली नगर निगम क्षेत्र से वरिष्ठ पार्षदों व अन्य दावेदारों के नाम सामने आने लगे हैं।
बता दें कि नगर पालिक निगम भिलाई के 13 वार्डों को तोड़कर रिसाली नगर निगम का गठन किया गया। इस वर्ष रिसाली नगर निगम का पहला चुनाव होने वाला है। इससे पहले 40 वार्डों का आरक्षण पूरा हुआ। इसी कड़ी में मंगलवार को रायपुर में महापौर का आरक्षण पूरा किया गया। महापौर के लिए महिला ओबीसी वर्ग आरक्षित हुआ है। इसके साथ ही महापौर पद के अहम दावेदारों का नाम सामने आने लगा है।
दावेदारों में गृहमंत्री की बहु का नाम
रिसाली नगर निगम के गठन को लेकर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की भूमिका अहम मानी जाती है। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उनके प्रयास से ही रिसाली को निगम बनाया गया। अब जब रिसाली निगम के महापौर का आरक्षण संपन्न हो गया है तो सबसे बड़े दावेदारों में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की बहु सरिता साहू का नाम सबसे ऊपर है। राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है कि गृहमंत्री की बहु सरीता साहू ओबीसी वार्ड से चुनाव लड़ेंगी और महापौर की कुर्सी संभालेंगी।





