भिलाई। गणतंत्र दिवस पर गृहमंत्रालय द्वारा देशभर के पुलिस अफसरों व कर्मियों को मिलने वाले अवार्ड का ऐलान हो गया है। गृह मंत्रालय ने इसकी सूची जारी कर दी है। पुलिस मेडल फॉर गैलंट्री अवॉर्ड के लिए इस बार दुर्ग एसपी IPS डॉ अभिषेक पल्लव सहित छत्तीसगढ़ से 7 पुलिस कर्मियों का चयन किया गया है। इसी प्रकार प्रेसिडेंट पुलिस मेडल के लिए एक अफसर व पुलिस मेडल फॉर मेरीटोरियस सर्विस के लिए 10 अफसरों का चयन किया गया है। इस प्रकार छत्तीसगढ़ 18 अफसर कर्मियों को इस बार मेडल मिलेगा।
दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव के साथ ही पुलिस मेडल फॉर गैलंट्री अवॉर्ड के लिए सब इंस्पेक्टर अश्वनी सिन्हा, यशवंत साहू, उसुरू राम कोर्राम, एपीसी दिवंगत कृष्ण पाल सिंह कुशवाहा और इंस्पेक्टर वैभव मिश्रा को चुना गया है। इसी प्रकार प्रेसिडेंट पुलिस मेडल के लिए एडीजी विवेकानंद सिन्हा का चयन किया गया है। इसके अलावा मेरीटोरियस सर्विस ऑफ पुलिस मेडल के लिए रायपुर आईजी अजय कुमार यादव, बिलासपुर आईजी बद्रीनारायण मीणा, आईपीएस झाडूराम ठाकुर, EOW एसपी पंकज चंद्रा, एडिशनल एसपी आनंद कुमार साहू, इंस्पेक्टर कमलेश्वर सिंह, कंपनी कमांडर अरुण सिंह, प्लाटून कमांडर संजय कुमार दुबे, प्लाटून कमांडर हरिहर प्रसाद, हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह को चुना गया है।
नक्सली ऑपरेशन में प्रभावी कार्य के लिए एसपी पल्लव का चयन
बता दें दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव बस्तर संभाग में दंतेवाड़ा के एसपी रहते हुए धुर नक्सली क्षेत्र में कई ऑपरेशन को अंजाम दिया था। भीमा मंडावी हत्या के मामले में एसपी अभिषेक पल्लव ने प्रभारी काम किया था। विधायक भीमा मंडावी की हत्या के तीन महीने बाद 14 जुलाई 2019 को माओवादी मंगली और माओवादी देवा को निष्प्रभावी कर दिया गया। जिसने दंतेवाड़ा में सुरक्षा बलों के मनोबल बढ़ज्ञ और सुरक्षा बलों को बढ़त हासिल करने में मदद की। इसके अलावा झीरम कांड के मामले में भी एसपी पल्लव ने उल्लेखनीय कार्य किया। इसी प्रकार उन्होंने नक्सल ऑपरेशन में महत्वपूर्ण उपलब्धियों हासिल की जिसके कारण उन्हें इस अवार्ड के लिए चुना गया।




