रायपुर. भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी चयन कर लिया है। सोमवार को प्रत्याशी तय करने के लिए बुलाई गई छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक खत्म हो गई है। बैठक में दिवंगत विधायक की पत्नी की सावित्री मंडावी के नाम पर सहमति बन गई है। कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज शाम सावित्री मंडावी को कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। बैठक में सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अमरजीत चावला सहित अन्य सदस्य शामिल हुए थे। विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मनोज मंडावी के निधन के बाद खाली हुई सीट पर हो रहे उपचुनाव में उनकी पत्नी सावित्री मंडावी को उम्मीदवार बनाने की चर्चा पहले से थी।
14 दावेदारों ने किया था आवेदन
कांग्रेस की टिकट के लिए 14 दावेदारों ने आवेदन किए थे। इनमें से सर्वे के आधार पर पार्टी ने करीब चार जिताऊ प्रत्याशियों के नामों को फाइनल किया था। इन नामों पर मंथन के लिए कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सोमवार कोप्रदेश चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई थीप। बैठक में आम राय बनाकर एक नाम को फाइनल किया गया है।
17 तक जमा होंगे नामांकन
भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में नामांकन जमा करने के लिए 17 नवम्बर तक का समय है। मतदान 5 दिसम्बर को होगा। ऐसे में प्रत्याशियों का प्रचार के लिए थोड़ा कम मिलेगा। फिलहाल भाजपा में प्रत्याशी को लेकर मंथन जारी है। जल्द ही पार्टी इस सीट के लिए औपचारिक प्रत्याशी का ऐलान कर सकती है।




