भिलाई। सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर भिलाई निगम द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। शनिवार को भिलाई निगम की टीम द्वारा शहर की कई दुकानों में दबिश दी गई। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक को जब्त करने के साथ ही जुर्माना भी वसूल किया गया।
बता दें भिलाई निगम क्षेत्र अंतर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक से बने उत्पादों को पूर्णरूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। निगम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई करने के लिए टीम का गठन किया है। निगम में प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई अभियान लगातार जारी है। प्रत्येक जोन में अलग-अलग जगहों पर दुकानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में छापेमार कार्रवाई की जा रही है। जहां भी सिंगल यूज प्लास्टिक व प्रतिबंधित प्लास्टिक का विक्रय करते हुए पाया जा रहा है वहां इसे जब्ती करते हुए जुर्माना भी वसूला जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि निगम आयुक्त रोहित व्यास ने भी प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील शहरवासियों से की है। शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने के लिए यह आवश्यक है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करें। किसी भी प्रकार की सामग्री लेने के लिए कपड़े से बने थैले इत्यादि का उपयोग करें। प्लास्टिक से पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचता है जिसको देखते हुए इस पर भिलाई निगम क्षेत्र में कड़ाई करना प्रारंभ कर दिया गया है। रात्रि के समय भी ठेला लगाकर व्यवसाय करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग व विक्रय करने वालो पर लगाम लगाया जा रहा है। निगम की टीम ने पावर हाउस, सर्कुलर मार्केट, जवाहर मार्केट नंदनी रोड, कैलाश नगर, नेहरू नगर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी वसूल किया तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक की जब्ती भी बनाई।




