भिलाई। होली के खुमारी में दो दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। शराब के नशे में दो दोस्त ऐसे भिडे़ कि एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की थर्माकोल काटने वाले कटर से गोदकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना खुर्सीपार के बापू नगर क्षेत्र की है। एक ओर लोग होली की खुशियां मना रहे हैं और दूसरी ओर एक युवक की हत्या हो गई। खुर्सीपार पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच की यह घटना है। मोची मोहल्ला खुर्सीपार निवासी शुभम राजपूत और राजीव नगर खुर्सीपार निवासी सेवक राम निषाद दोनों दोस्त हैं। होली की खुशी भी दोनों साथ में मनाई। दोपहर को दोनों ने बैठकर शराब पी और साथ में खाना भी खाया। इस दौरान दोनों में पुराने किसी लेनदेन की बात पर विवाद हुआ। विवाद बढ़ गया और इस बीच सेवक राम निषाद ने थर्माकोल काटने वाले कटर से शुभम राजपूत पर वार कर दिया। वार इतना तगड़ा था कि मौके पर ही शुभम राजपूत की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस एक्टिव हुई और कुछ ही देर में आरोपी सेवक राम को गिरफ़्तार कर लिया है। फिलहाल खुर्सीपार पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।




