दुर्ग। भारत ब्रॉड बैंड नेटवर्क लिमिटेड (BBNL) के जीएम सतीश कुमार साहू (52) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। रविवार को घर से मीटिंग के नाम से निकले सतीश साहू का शव सोमवार सुबह उनके ही दफ्तर में रस्सी से लटका हुआ मिला। सुबह दफ्तर के अन्य कर्मचारी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। उन्होंने आत्महत्या क्यों की इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।

मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रिसाली निवासी सतीश कुमार साहू भारत ब्रॉड बैंड नेटवर्क लिमिटेड (BBNL) में जीएम के पद पर थे। वे रविवार को कॉफी हाउस में मीटिंग होने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वे नहीं लौटे। घर के लोगों ने काफी पतासाजी की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। यहां तक कि थाने में भी उनकी गुमशुदगी की सूचना दी गई। इधर पुलिस भी उनकी तलाश कर रही थी।
सोमवार की सुबह जब ऑफिस खोला गया तो जीएम सतीश साहू का शव रस्सी से फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद कर्मचारियों और अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को उतरवाया और पीएम के लिए भेजा। इसके बाद घर वालों को सूचना दी गई। घर वालों से पूछताछ के कुछ ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। जीएम के आत्महत्या का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




