दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र के एक निजी बैंक में 85 लाख रुपए के गबन का मामला सामने आया है। बैंक के कलेक्शन कर्मचारियों ने मिलकर यह कांड किया। बैंक से लोन लेने वाले 240 ग्राहकों से लोन की किश्त वसूल कर बैंक में जमा करने के बजाय खुद पर खर्च कर लिया। जब लोन की राशि नहीं जमा हो रही थी तो बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों से संपर्क किया तब जाकर इसका खुलासा हुआ। इस मामले में बैंक प्रबंधन की शिकायत के बाद पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य आरोपी फरार हैं जिसकी तलाश की जा रही है।

दरअसल यह पूरा मामला पुलगांव स्थित ईसाफ स्माल फायनेंस बैंक शाखा से जुड़ा हुआ है। बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहित देशमुख ने थाने में इसे लेकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि ग्राम चंदखुरी निवासी हिरन बाई साहू सहित अन्य 239 ग्राहकों से ईसाफ बैंक से 85 लाख रुपए लोन लिया था। लोन लेने के बाद वह रकम वापस ईसाफ बैंक में जमा नहीं की गई। ऋण लेने वाले ग्राहकों से संपर्क साधा गया तो उन्होंने बताया कि वे लोन की रकम जमा कर चुके हैं। इन लोगों ने बैंक के कलेक्शन कर्मचारियों को लोन की पूरी रकम चुका दी। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि बैंक के कलेक्शन कर्मचारियों ने 24 मई 2024 से 24 जून 2025 के बीच कुल 84 लाख 98 हजार 940 रुपए ग्राहकों से वसूले और स्वयं पर खर्च कर लिया। शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने धारा 420, 409, 120-बी भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पाया गया कि आरोपी बैंक में संग्रह कर्मचारी के रूप में काम करते थे। बैंक व्दारा 240 ग्राहकों को दी गई लोन की राशि टीका राम पाटले, आकाश नायक, अंकिता पाशवान, आर्य गोस्वामी, रेशमा वर्मा, ओमप्रकाश कोसरे एवं अन्य चार लोगों ने एकत्र की। इन कर्मचारियों ने कुल 85 लाख रुपए ग्राहकों से एकत्रित कर बैंक में जमा न कर धोखाधड़ी की। इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनसे पूछताछ करने पर राशि गबन करना स्वीकार किए। प्रकरण में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।
यह हैं गिरफ्तार आरोपी
1. टीकाराम पाटले उम्र 35 वर्ष ग्राम लोरमी जिला मुंगेली
2. आकाश नायक उम्र 30 वर्ष ग्राम बसना जिला महासमुंद
3. ओम प्रकाश कोसरे उम्र 21 वर्ष बजरंग नगर उरला
4. आर्या गोस्वामी उम्र 25 वर्ष साकिन दल्लीराजहरा जिला बालोद
5. रेशमा वर्मा 25 साकिन आदित्य नगर दुर्ग थाना मोहन नगर
6. अंकिता पासवन उम्र 22 वर्ष ग्राम कोसा नगर सुपेला




