राजनांदगांव। खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा जीत के और करीब पहुंच गई हैं। 17 राउंड की मतगणना के बाद बढ़त भी 18 हजार के पार पहुंच गई है। यहां से कांग्रेस की जीत की औपचारिकता ही बची है। वहीं मायूस भाजपा खेमा मतगणना स्थल से जा चुका हैं। सुबह मतगणना शुरू होने के बाद पहले राउंड से पिछडऩे के कारण मतगणना स्थल पर भाजपा का कोई भी बड़ा नेता नजर नहीं आया।
बता दें कि खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस ने घोषणापत्र जारी किया था, जिसमें पहला ही वादा नये जिले का था। सीएम भूपेश बघेल ने ऐलान किया था कि 16 अप्रैल को रिजल्ट आएगा। कांग्रेस को समर्थन मिला तो 24 घंटे के भीतर 17 अप्रैल को ‘खैरागढ़-छुईखदान-गंडई’ को जिला बना दिया जाएगा। सीएम के इस दांव के आगे भाजपा की रणनीति फेल हो गई। एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह सहित भाजपा के दिग्गज नेताओं के जीत के दावों का जनादेश ने दम निकाल दिया। वहीं सीएम भूपेश बघेल ने चुनाव प्रचार के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा था और कहा कि ‘कका के आगे ममा कहा टिकेगा’ और हुआ भी वही। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस तीसरे नंबर पर थी। जेसीसीजे की यह सीट अब अब कांग्रेस के खाते में चली गई। खैरागढ़ विधानसभा की जनता कांग्रेस की जीत के साथ ‘खैरागढ़-छुईखदान-गंडई’ जिले का जश्न मना रही है।
बता दें खैरागढ़ में 12 अप्रैल को मतदान होने के बाद शनिवार को राजनांदगांव के ही निगम परिसर में मतगणना की जा रही है। पहले राउंड में कांग्रेस की यशोदा वर्मा ने 1175 वोटो की लीड ली। वहीं सीढ़ी दर सीढ़ी आगे बढ़ते हुए 17 वें राउंड के बाद कांग्रेस की बढ़त 18 हजार के पार हो गई है। वहीं उपचुनाव के रुझानों में कांग्रेस की जीत के साथ नया जिला बनाने की प्रशासनिक कवायद भी शुरू हो गई है। सरकार ने सामान्य प्रशासन और राजस्व विभाग को काम पर लगा दिया है। रविवार शाम तक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया जाएगा।

नए जिले का दांव चला
खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस की ओर से सीएम भूपेश बघेल ने बड़ा दांव चला था। सीएम ने चुनाव जीतने के बाद खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा की थी। खैरागढ़, छुईखदान व गंडई को मिलाकर नया जिला बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का यह दांव चल गया। एक तो मतदान प्रतिशत में वृद्धि हुई और कांग्रेस को यहां जबरदत सफलता मिलती दिख रही है। अब तक की मतगणना के बाद कांग्रेस की जीत तय हो गई है। इसी के साथ राजनांदगांव जिला अब तीन जिलों में बंट जाएगा। भूपेश सरकार ने नक्सल प्रभावित मोहला-मानपुर-चौकी को जिला बनाने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। अब खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के नया जिला बनाया जा रहा है।

भूपेश है तो भरोसा है
कांग्रेस को मिल रही लीड के साथ ही इसकी जीत भी तय हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता भूपेश है तो भरोसा है के नारे के साथ जश्न मना रहे हैं। कार्यकर्ताओं के चहरों पर भी भूपेश बघेल के मुखौटे दिख रहे हैं। मतगणना स्थल राजनांदगांव से लेकर खैरागढ़ व रायपुर तक जश्न का माहौल है। इस बीच कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा का भी बयान आया है। उन्होंने कहा वे 30 हजार से भी ज्यादा मतों से विजयी होंगी।




