भिलाई। अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के मामले में दुर्ग से गिरफ्तार संदिग्ध आकाश कैलाश कनौजिया को मुंबई पुलिस ने लंबी पूछताछ के बाद रेलवे स्टेशन ले जाकर छोड़ दिया है। मुंबई पुलिस ने कहा कि वह आरोपी नहीं है। वहीं मीडिया से चर्चा के दौरान संदेही बताए गए आकाश कनौजिया ने कहा कि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया। मुझे पूछताछ के लिए यहां लाया गया था और अब मुझे रिहा कर दिया गया है। मैं आरोपी नहीं हूं।
बता दें सैफ अली खान पर हमले के मामले में शनिवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक संदिग्ध को पकड़ा गया। दुर्ग आरपीएफ टीआई एसके सिन्हा ने बताया कि मुंबई पुलिस से एक फोटो भेजा गया था। मुंबई पुलिस से इनपुट मिला कि आकाश नाम का यह शख्स दुर्ग की ओर ट्रेन से निकला है। यह नहीं पता था कि किस ट्रेन में हैं। इसके बाद दुर्ग रेलवे स्टेशन पर मुंबई से आने वाली सभी ट्रेनों की तलाशी ली गई। इस दौरान ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे से संदिग्ध को उतारा गया है। इधर मुंबई पुलिस की टीम देर रात दुर्ग पहुंची। मुंबई पुलिस की टीम फ्लाइट से रवाना हुई थी और रात 8 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद देर रात लगभग 11 बजे दुर्ग पहुंची।
दुर्ग पहुंचने के बाद मुंबई पुलिस ने संदिग्ध आकाश को हिरासत में लिया। वहीं इस दौरान मुंबई पुलिस के जवान मीडिया के सामने कुछ भी कहने से बचते रहे। इसके बाद मुंबई पुलिस ने संदेही आकाश कैलाश कनौजिया से देर रात तक पुछताछ की। बांद्रा क्राइम ब्रांच के सब इंस्पेक्टर प्रदीप फुंडे ने मीडिया से चर्चा के दौरान रविवार को कहा कि पूछताछ की प्रक्रिया पूरा कर ली गई है। वह आरोपी नहीं है, हम उसे मुंबई नहीं ले जा रहे हैं। हम उसे रेलवे स्टेशन पर ही छोड़ देंगे।
जानिए क्या है पूरा मामला
मुंबई में एक्टर सैफ अली खान पर बुधवार देर रात उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया था। घटना मुंबई के खार स्थित गुरु शरण अपार्टमेंट के 12वें फ्लोर पर बुधवार देर रात करीब 2.30 बजे हुई। इस हमले में एक्टर को गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगा था। घायल सैफ को रात में ही लीलावती हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सैफ अली खान खतरे से बाहर है।