कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में दो नाबालिगों का अपहरण के बार रेप का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले दोनों को अपने प्यार के जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गए। इसके बाद दोनों नाबालिगों से दुष्कर्म किया। लगभग एक माह बाद नाबालिगों का पता चला। पुलिस ने इस मामले में दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दोनों नाबालिगों का बयान लेने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। आगे की कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यहां की दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने की शिकायत करीब एक माह पहले दर्ज की गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार उनका पता लगा रही थी। इसके लिए एक विशेष टीम का भी गठन किया गया। लड़कियों के मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए पुलिस बिलासपुर तक पहुंची। बिलासपुर में पुलिस ने कवर्धा राम्हेलपुर निवासी विजय टंडन और संगीत लहरी के पास से दोनों नाबालिगों को बरामद किया।

दोनों को गिरफ्तार करने के बाद दोनों नाबालिगों का बयान लिया गया। नाबालिगों ने पूछताछ में बताया आरोपी विजय और संगीत ने उनसे कहा था कि, वे हमें बहुत प्यार करते हैं और शादी करना चाहते हैं। फिर शादी का झांसा देकर साथ ले गए और पांच मई से दो जून तक लगातार दुष्कर्म करते रहे। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
