भिलाई। सुपेला क्षेत्र में बीती रात तेज रफ्तार स्कूटी चालक किशोर हादसे का शिकार हो गया। पांच रास्ता सुपेला रोड पर तेज रफ्तार से किशोर चला आ रहा था इस दौरान सड़क पर एक कुत्ते से टकराकर गिरा। टक्कर के कारण वह काफी दूर तक उछला और सिर पर चोट लगने से वह बुरी तरह से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह पूरी घटना सीसी टीवी में कैद हो गई।
सुपेला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शंकरपारा सुपेला निवासी रौनक दुबे (16) अपनी एक्टिवा स्कूटर से रात 10 बजे के करीब अपने श्री राम चौक की ओर जा रहा था। इस दौरान वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। सड़क पर बैठा स्ट्रीट डॉग गाड़ी की आवाज से बिदक गया और इधर उधर भागने लगा। इसके कारण एक्टिवा सवार किशोर संभल नहीं पाया और सीधे डॉग से भिड़ गया।

एक्टिवा की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि गिरने के बाद रौनक दुबे दूर तक उछलता हुआ नाले के पास गिर गया। इससे उसके सिर पर चोट लगी। गंभीरत हालत में किशोर को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक रौनक के साथ एक्टिवा में उसका दोस्त बैठा था लेकिन उसे मामूली चोटें आई। सुपेला पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
