भिलाई। सुपेला में अंडरब्रिज का निर्माण चल रहा है। निर्माणाधीन अंडरब्रिज के लिए एक पीपल का पेड़ समस्या बन गया है। अब यहां के इंजीनियर इस पेड़ को काटने की बजाय शिफ्ट कर रहे हैं और इसके लिए पिछले एक सप्ताह से मशक्कत जारी है। निर्माण एजेंसी लगातार इस दिशा में प्रयास कर रही है। अब तक पीपल पेड़ की ऊपर की टहनियों को काट लिया गया और इसके मुख्य हिस्से को शिफ्ट करने की तैयारी है।
बता दें सुपेला रेलवे क्रासिंग को बंद कर यहां अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य प्रगति पर है। टाउनशिप की ओर से निर्माण कार्य के बीच एक पीपल पेड़ आ गया है। निर्माण एजेंसी ने पहले तो इसे काटने का प्लान बनाया लेकिन बाद में इसे शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है। इसके निर्माण एजेंसी ने काम शुरू कर दिया है। पिछले एक सप्ताह से यहां पर पेड़ को शिफ्ट करने की कोशिश की जा रही है।

फायरब्रिग्रेड का लिया गया सहारा
पेड़ को शिफ्ट करने के लिए निर्माण एजेंसी ने फायर ब्रिगेड का भी सहारा लिया गया है। जहां पेड़ लगा है उसकी टहनियों को पहले काटा गया है। इसके बाद पेड़ के चारों ओर से खुदाई कर पेड़ का जड़ सहित निकाला जा रहा है। गुरुवार को फायर ब्रिगेड बुलाकर उसकी जड़ों व आसपास की मिट्टी को गीला किया गया ताकि उसे आसानी से पेड़ को निकालकर दूसरी जहह लगाया जा सके। पेड़ को शिफ्ट करने के सेक्टर-6 के पीछे की जगह को चिह्नित किया गया है जहां पेड़ शिफ्ट करने के लिए गहरा गड्डा किया गया है। इस पेड़ को शिफ्ट करने के लिए जेसीबी वाहनों के साथ ही आधुनिक मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
