भिलाई. ऑनलाइन सट्टा महादेव बुक के तार अब पुलिस से भी जुड़ गए हैं। दुर्ग पुलिस के एक कांस्टेबल को एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने ऑनलाइन सट्टा में संलिप्तता के चलते सस्पेंड कर दिया है। कांस्टेबल सहदेव सन्नी पिछले कई महीनों से ड्यूटी से नदारत है। वह दूसरे राज्य में रहकर महादेव बुक के कारोबार को ऑपरेट कर रहा था। एसपी ने इस मामले की जांच के लिए दो ट्रेनी आईपीएस को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। कांस्टेबल पर लगे सारे आरोप सही पाए जाने पर उसे नौकरी से बर्खास्त किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।

दुबई के सट्टा कारोबारियों के संपर्क में आरक्षक
पुलिस ने बताया कि सस्पेंड आरक्षक सहदेव महादेव सट्टा चलाने वाले और दुबई में बैठे सन्नी सतनाम से लगातार बातचीत करताथा। सीडीआर डिटेल में इस बात की पुष्टि हो चुकी है। इतना ही नहीं कांस्टेबल सहदेव बिना बताए नदारद है। इस दौरान उसका लोकेशन मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में पाया गया, जहां महादेव ऐप का संचालन में उसकी बड़ी भूमिका सामने आई है।

दो साल से ड्यूटी से गायब है आरक्षक
दुर्ग पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरक्षक सहदेव सबसे पहले स्मृति नगर चौकी में पदस्थ था। यहां 15 अप्रैल 2020 से 17 नवंबर 2020 तक बिना बताए गायब रहा। ये सिलसिला आगे चलता रहा। बाद में इसे लाइन अटैच किया गया। फिर इसकी पदस्थापना कुम्हारी थाने में की गई। यहां 18 अगस्त 2021 से 10 सितंबर 2021, 14 नवंबर 2021 से 20 नवंबर 2021 और फिर 21 नवंबर 2021 से 3 मार्च 2022 तक गायब रहा। मार्च 2022 से अब तक फिर वह बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गायब है। आरोपी कांस्टेबल का जब कॉल डिटेल खंगाला गया तो ऑनलाइन सट्टा से जुड़े कई बड़े आरोपियों से संपर्क सामने आया है।
