बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में गोहत्या थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिलासपुर में गाय को काटकर उसका मांस निकलते हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से लगभग 33 किलो गोमांस जब्त किया गया है। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के रहंगी में हाईकोर्ट जज कॉलोनी के पीछे की है। जहां दो व्यक्ति गाय को काटकर उसका मांस निकाल रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही कुछ युवक वहां पहुंच गए और आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया।
बोरी में भरा था गोमांस
चकरभाठा के वार्ड क्रमांक चार में रहने वाले कुछ युवकों को पता चला कि रहंगी में हाईकोर्ट जज कॉलोनी के पीछे गाय को काट कर मांस निकाला जा रहा है। इसकी जानकारी मिलते ही युवक वहां पहुंच गए। इस दौरान मोपेड सवार दो लोग बोरी में मांस लेकर जा रहे थे, जिन्हें युवकों ने पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि रहंगी निवासी नरसिंह रोहिदास (50) और मुढ़ीपार निवासी रामनिवासी मेहर(52) गोमांस काटकर बोरी में भरकर ले जा रहे थे। दोनों आरोपी को युवकों ने पकड़ लिया और गांव ले जाकर अर्धनग्न करके उनका जुलूस निकाला। गाय काटने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी भड़क गए। जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने ग्रामीणों की भीड़ को समझाइश देकर शांत कराया और वैधानिक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। गांव के सुमित नायक ने थाने में केस दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस ने भी दोनों ग्रामीणों से पूछताछ की, तब उन्होंने गो मांस काटने की जानकारी दी। पुलिस ने उनके पास से जब्त गोमांस को वेटनरी डॉक्टर से परीक्षण कराया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
