रायपुर। नक्सलियों के साथ कांग्रेस नेता के पकड़े जाने को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अमित शाह को चिट्ठी लिखकर इस मामले में कार्रवाई की मांग कर डाली। वहीं अब इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुप्पी तोड़ते हुए पलटवार किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 15 साल तक छत्तीसगढ़ में भाजपा की नक्सलियों से सांठगांठ कर सरकार चला रही थी।
बता दें बीजापुर के भोपालपट्टनम ब्लॉक का महामंत्री केजी सत्यम तेलंगाना में नक्सलियों के साथ पकड़ा गया था। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता तेलंगाना के वारंगल जा नक्सलियों का इलाज कराने जा रहा था। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता का नक्सलियों के साथ पकड़ा जाना भाजपा के लिए बड़ा मुद्दा बन गया है। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने राजधानी में प्रेस वार्ता ले कर कांग्रेस पर नक्सलियों से सांठगांठ का आरोप लगाया और इसके कुछ देर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने गृहमंत्री को चिट्ठी लिखकर इसे संवेदनशील बताते हुए जांच की मांग की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा 15 साल भाजपा ने किया सांठगांठ
अरुण साव के चिट्ठी के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघले ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि नक्सलियों से सांठगांठ तो भाजपा की रही है। उन्होंने झीरम घाटी कांड का उद्हारण देते हुए कहा कि यह एक अपराधिक षड़यंत्र था। यही नहीं भाजपा के पूरे कार्यकाल में कई नक्सली मंत्रियों के यहां आते जाते पकड़े गए हैं। उन्होंने भाजपा विधायक भीमा मंडावी की हत्या का मामला भी उठाया जिसकी जांच एनआईए कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पत्र क्यों नहीं लिख रहे। इतने साल हो गए जांच में आखिर क्या निकला है।