कांकेर। बच्चा चोरी के शक में पिटाई के मामले छत्तीसगढ़ में थमते नहीं दिख रहे हैं। लगातार गांवों में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही है। ताजा मामले में कांकेर जिले से बच्चा चोरी के शक में दो लोगों की पिटाई का मामला सामने आया है। संदिग्ध दिखने पर ग्रामीणों में अफवाह फैल गई और दोनों की बेदम पिटाई की गई। इस पिटाई से एक के सिर पर चोट आई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को भीड़ से बचाया।
मिली जानकारी के अनुसार ताजा मामला कांकेर जिले के ग्राम पटौद का है। गांव में दो लोग संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। इसके बाद अफवाह उड़ गई कि यह दोनों बच्चा चोरी के इरादे से घूम रहे हैं। फिर क्या था गांव के लोग जमा हुए दोनों की बेदम पिटाई कर दी। ग्रामिणों पिटाई से एक के सिर पर गंभीर चोट आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को बचाया और डॉक्टरी मुलाहिजे के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।