भिलाई. दुर्ग और बस्तर संभाग सहित छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मानसूनी बादलों की वजह से एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। पिछले 48 घंटे से बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिले में लगातार बारिश हो रही है। वहीं बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर जिले में यहां रुक-रुककर बारिश हो रही है। इधर दुर्ग संभाग के दुर्ग जिले में भी पिछले 24 घंटे से झमाझम बारिश हो रही है। जिसके कारण दुर्ग जिले से होकर बहने वाली शिवनाथ नदी में जल स्तर लगातार बढ़ते जा रहा है।
शिवनाथ में छोड़ा पानी
दुर्ग जिला प्रशासन के अनुसार बारिश से बैराजों में बढ़ते जल आवक को देखते हुए बैराजों से सोमवार सुबह आठ बजे पानी छोड़ा गया। मोंगरा जलाशय से 18 हजार क्यूसेक, घूमरिया से 2575 क्यूसेक और सूखानाला से 1660 क्यूसेक पानी शिवनाथ नदी में छोड़ा गया है। कुल मिलाकर शिवनाथ में 22,135 क्यूसेक पानी छोड़ा गया जिसके कारण नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को जल स्तर बढऩे की सूचना देते हुए अलर्ट मोड पर रखा गया है।

बारिश का रेड अलर्ट जारी
जगदलपुर शहर में बीते 24 घंटे के भीतर 114.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में भारी से अति भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। इस मानसून में तीसरी बार बीजापुर में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। कई इलाके टापू में तब्दील हो गए हैं। भारी बारिश के चलते मोदकपाल थाना के पास स्थित रपटा (छोटा पुल) डूब गया है, जिससे मोदकपाल थाने में बाढ़ का पानी घुस गया है। बीजापुर का भोपालपट्टनम, गंगालूर, उसूर इलाको से सम्पर्क कट गया है। 50 से अधिक मवेशी बाढ़ के पानी से बह गए है।

प्रदेश के कई जिलों में वज्रपात व बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में कुछ जिलों में सोमवार को गरज चमक के साथ वज्रपात और भारी वर्षा होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।