नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत में करीब छह महीने बाद 24 घंटे की अवधि में सामने आए कोविड-19 के नए मामलों की संख्या 20 हजार से कम रही। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या भी अब तीन लाख से कम हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 के 19,556 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1,00,75,116 हो गए हैं। वहीं 301 और लोगों की मौत के बाद मृतकों संख्या बढ़कर 1,46,111 हो गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 96,36,487 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 95.65 प्रतिशत हो गई है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है। देश में उपचाराधीन लोगों की संख्या भी तीन लाख से कम हो गई है। देश में सक्रिय मामले 2,92,518 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.90 प्रतिशत है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 21 दिसंबर तक 16,31,70,557 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 10,72,228 नमूनों की जांच सोमवार को की गई।





