मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में शुक्रवार को तेज रफ्तार बस व स्कार्पियो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कांग्रेस प्रदेश सचिव घनश्याम वर्मा और उनकी जिला पंचायत सदस्य पत्नी जागेश्वरी वर्मा सहित तीन लोग घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार की छत काटकर उन्हें बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। तीनों को शुरुआती जांच के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रदेश सचिव घनश्याम वर्मा अपनी पत्नी और मुंगेली जिला पंचायत सदस्य जागेश्वरी वर्मा के साथ स्कार्पियो में पथरिया से सरगांव जा रहे थे। स्कॉर्पियो को उसका ड्राइवर चला रहा था। अभी यह सभी सरगांव थाना क्षेत्र के बावली गांव के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार बस से उनकी गाड़ी भिड़ गई। टक्कर लगते ही उनकी स्कॉर्पियो पलटते हुए खेत में जा गिरी। इससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादस के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलस को सूचना दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने कार की छत को काटकर कांग्रेस नेता व उसकी पत्नी तथा ड्राइवर को बाहर निकाला। कुछ देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद तीनों घायलों को सरगांव अस्पताल ले जाया गया। जहां तीनों की हालत गंभीर देखकर बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद बस का चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से बस को जब्त कर लिया।




