भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन चढ़ने के प्रयास में फिसल कर उसी ट्रेन की चपेट में आने से यात्री की मौत हो गई। गुरूवार सुबह प्लेटफार्म नंबर दो और तीन के बीच जैसे यात्री फिसलकर गिरा तो अफरार तफरी मच गया। ट्रेन निकलने के बाद एंबुलेंस की मदद से घायल व्यक्ति को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जीआरपी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक सुबह लगभग 6:15 बजे ट्रेन संख्या 22845 पुणे- हटिया एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी हुई थी। जब ट्रेन चलने लगी तब ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक वार्ड नंबर 58 साईं मंदिर के पास कर्मचारी नगर दुर्ग निवासी संदीप कुमार सिन्हा (58) ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान उसका पैर स्लिप हो गया और वह गिरकर प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में फंस गये।

ट्रेन उनके एक पैर के ऊपर से गुजर गई जिससे पैर कट गया। गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार सिन्हा को तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। बताया गया कि संदीप कुमार सिन्हा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की रायपुर शाखा में एरिया मैनेजर के पद पर पदस्थ थे और कार्यालयीन कार्य से ट्रेन के माध्यम से रायपुर जा रहे थे। जीआरपी पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।




