कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बीती रात बड़ा हादसा हो गया। यहां के गनियारी गांव निवासी एक युवक अपने दोस्त के साथ सक्ति से मोबाइल खरीद कर लौट रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार कार की ठोकर से युवक की मौत हो गई। वहीं उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मिली जानकारी के अनुसार कोरबा जिले ग्राम गनियारी निवासी राजकुमार दिवाकर (32) अपने दोस्त सुभाष के साथ मोबाइल लेने सक्ती गया था। मोबाइल लेने के बाद शनिवार देर शाम दोनों बाइक से लौट रहे थे। इस दौरान ग्राम नगरदा के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार चालक कार के साथ फरार हो गया। वहीं बाइक सवार दोनों दोस्त सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राजकुमार के शव को जिला अस्पताल के मरच्यूरी में रखवाया। वहीं घायल सुभाष का इलाज चल रहा है। रविवार को मृतक का पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस उस कार चालक की तलाश में है जिसने बाइक को ठोकर मारी थी। मृतक राजकुमार मजदूरी करता था और उसकी शादी को चार साल हुए थे।



