बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गुरुवार को नदी में डूबने से युवक की मौत हो गई। भतीजे के साथ नहाने गया युवक नदी में डूब रहे अपने पड़ोसी को बचाने के लिए कूदा। पड़ोसी तो बच गया लेकिन वह खुद डूब गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद युवक की लाश बाहर निकाली जा सकी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। युवक अपने भतीजे के साथ नदी में नहाने के लिए गया हुआ था।

मिली जानकारी के मुताबिक, रामानुजगंज के वार्ड 4 निवासी उमेश कश्यप (30) अपने 10 वर्षीय भतीजे आनंद कश्यप पुत्र विजय कश्यप व पड़ोसी युवक शिवमंगल शर्मा (20) के साथ दोपहर करीब 12:30 बजे ओमनी वाहन से पलटन घाट नहाने गया था। नहाने के दौरान उसका भतीजा डूबने लगा। उसे बचाने के लिए गया पड़ोसी युवक भी डूबने लगा। दोनों को बचाने के लिए उमेश ने नदी में छलांग लगाई। इस दौरान उमेश स्वयं डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग पलटन घाट पहुंच गए।
जिस समय उमेश अपने भतीजे आनंद एवं शिवमंगल को बचाते हुए डूबने लगा। शिवमंगल किसी प्रकार से किनारे तक आ गया, परंतु उमेश का भतीजा आनंद डूब रहा था। इस दौरान झारखंड से आए एक युवक ने लकड़ी का सहारा देकर आनंद को बाहर निकाला। इसके बाद युवक ने वही वही डंडा उमेश की जान बचान के लिए उसकी ओर बढ़ाया, परंतु उमेश डंडा नहीं पकड़ पाया और डूब गया। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने साहस दिखाया और करीब दो घंटे बाद उमेश कश्यप का शव बाहर निकाला जा सका।




