भिलाई। भिलाई टाउनशिप के फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग पर सेक्टर 5 में जेपी प्लांट के समीप सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रात करीब 11 बजे गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक-युवती को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में 20 वर्षीय युवती की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार बी ब्लॉक तालपुरी कॉलोनी निवासी अक्षिता अवचट पिता गजानन अवचट ( 20 वर्ष ) घर के पास रहने वाले आयुष कुमार पचौरी पिता विनोद पचौरी ( 17 वर्ष ) के साथ गरबा आयोजन में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रही थी। दोनों फॉरेस्ट एवेन्यू के रास्ते तालपुरी स्थित अपने निवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जेपी प्लांट के पास गलत दिशा से आ रही कार क्रमांक सीजी 07 सीएच 2321 के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों काफी दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से अक्षिता को गंभीर अवस्था में सेक्टर 9 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल आयुष कुमार को उपचार के लिए हाईटेक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सप्ताह भर पहले हुआ है दादा का निधन
इस हादसे के बाद मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महज एक सप्ताह पहले, 13 अक्टूबर को ही अक्षिता के दादा का निधन हुआ था, और आगामी 25 अक्टूबर को उनकी तेरहवीं का कार्यक्रम नियत था। परिवार अभी इस शोक से उबर भी नहीं पाया था कि घर की लाडली बेटी की असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बता दें कि अक्षिता के पिता गजानन अवचट रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं और मूल रूप से भिलाई-3 जैन मंदिर के पास के निवासी हैं। पिता के निधन के कारण पूरा परिवार भिलाई-3 स्थित मकान में रह रहा था और 18 अक्टूबर को ही तालपुरी वापस लौटा था। गजानन अवचट की दो बेटियों में अक्षिता छोटी थी।




