भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लॉज में ग्राहक की डिमांड पर दलाल द्वारा लड़कियां उपलब्ध कराने का मामला सामने आया है। लॉज में देह व्यापार की शिकायत के बाद पुलिस ने रेड कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से एक युवती व एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से मोबाइल व नगद राशि भी जब्त की है।
दरअसल दुर्ग पुलिस को सूचना मिली कि छावनी क्षेत्र स्थित छाया इन लॉज में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम द्वारा वैधानिक प्रक्रिया के तहत प्वाइंटर ग्राहक नियुक्त कर कार्रवाई की गई। कार्यवाही के दौरान लॉज के मालिक एवं रिसेप्शनिस्ट द्वारा दलाल के माध्यम से युवतियां उपलब्ध कराकर अनैतिक देह व्यापार कराए जाने का खुलासा हुआ। प्रकरण में संलिप्त पाए जाने पर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
उक्त प्रकरण में अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 3, 4, 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना छावनी की पुलिस टीम, महिला स्टाफ एवं विवेचना दल की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अनैतिक देह व्यापार जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस प्रकार के अपराधों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।




