सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों ने सोमवार सुबह सीआरपीएफ कैंप पर हमला कर दिया। नक्सलियों की ओर से की गई फायरिंग में तीन जवानों के घायल होने की सूचना है। इस कैंप को एक माह पहले ही खोला गया है। वारदात चिंतागुफा क्षेत्र में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद नक्सली जंगलों की ओर भाग गए। जवानों सर्चिंग शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के सबंध में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है।
बता दें चिंतागुफा क्षेत्र में एलमागुंडा में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन का कैंप है। एक माह पहले यहां पर सुरक्षा की दृष्टी से यह कैंप खोला गया था। सोमवार की सुबह 6 बजे के आसपास अचानक यहां नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। इस फायरिंग के जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। दोनों ओर से फायरिंग हुई। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगलों की ओर भाग गए। बताया जा रहा है नक्सलियों के हमले के कारण तीन जवान घायल हो गए हैं।

कैंप खुलने से नाराज हैं नक्सली
बता दें इस क्षेत्र को धुर नस्कली क्षेत्र कहा जाता है। यह नक्सलियों के लिए सेफ जोन हुआ करता था। यहां से नक्सली अपनी वारदातों को आसानी से अंजाम देते थे। यहां पर कैंप खुलने से नक्सलियों में नाराजगी है। नक्सली नहीं चाहते हैं कि यहां पर कैंप खुले। सुरक्षा व नक्सली मुवमेंट कम करने के लिए यहां पर सीआरपीएफ कोबरा बटालियन का कैंप शुरू किया गया। एक माह पूर्व शुरू हुआ कैंप के कारण नक्सलियों में बौखलाहट है।

सीआरपीएफ कोबरा बटालियन का यह कैंप चिंतागुफा से करीब 12 किमी. पश्चिम दिशा और सीआरपीएफ कैंप मीनपा से करीब 5.5 किमी. दक्षिण में स्थित है। कैंप खुलने के बाद जवान यहां सक्रिय हैं और नक्सलियों के मनसुबों पर पानी फिर गया है। इसी बौखलाहट में आज यह हमला किया गया। बता दें दो दिन पहले यहां जवानों ने ग्रामीणों के साथ होली पर जमकर मस्ती की थी।