बैकुंठपुर। नगरीय निकाय चुनाव 2021 का रिजल्ट सामने आ गया है। कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगरपालिका के 20 वार्डों में कांग्रेस के 11 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा के खाते में 7 वार्ड व निर्दलीयों के खाते में 2 वार्ड गए हैं। इसी प्रकार शिवपुर-चरचा नगर पंचायत के 15 वार्डों में 8 कांग्रेस, 5 भाजपा व 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। ऐसे में दोनों नगरीय निकायों में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत पाई है।
बैकुंठपुर के वार्ड क्रमांक 4 में भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों को बराबर-बराबर वोट मिले। मुकाबला टाई होने पर टॉस से जीत-हार का फैसला किया गया। इसमें भाजपा प्रत्याशी अनिल खटिक ने जीत दर्ज की। नगरीय निकायों में जीत मिलते ही कांग्रेसियों में खुशी की लहर दौड़ गई। ढोल-नगाड़ों की धुन व आतिशबाजी कर उन्होंने खुशी का इजहार किया। कांग्रेस में जीत का जश्न जारी है।
पालिका क्षेत्र से जो प्रत्याशी जीते हैं, उनमें वार्ड 1 से भाजपा के भानुपाल को जीत हासिल हुई है। वहीं, वार्ड 2 कांग्रेस के सुनील गुप्ता, 3 से कांग्रेस के मनीष कुमार सिंह, 4 से भाजपा के अनिल खटिक टॉस से जीते। वहीं वार्ड 5 कांग्रेस से धीरज शिवहरे, 6 से कांग्रेस के ही आशीष यादव, वार्ड 7 से निर्दलीय अभिनेन्द्र सिंह चंदेल, 8 से कांग्रेस के बॉबी सिंह, 9 से बीजेपी की ममता गोयन, 10 से कांग्रेस के अमदुल्ला फिरोज, 11 से कांग्रेस की मसरत जहां, 12 से भाजपा की नविता शिवहरे ने जीत दर्ज की है। वहीं वार्ड क्रं. 13 से कांग्रेस के अंकित गुप्ता, 14 से कांग्रेस की साधना जायसवाल, 15 से भाजपा के अवधेश नारायण, 16 से कांग्रेस की अन्नपुर्णा सिंह व वार्ड 17 भाजपा की साधना गुप्ता ने जीत दर्ज की है। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 18 से कांग्रेस की ललिता सिंह, 19 से भाजपा की रीमा जायसवाल व वार्ड क्रमांक 20 से निर्दलीय संजय जायसवाल जीते।





