भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश में भोपाल से विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने एक भाषण से विवाद को जन्म दे दिया है। अपने इस भाषण में रामेश्वर शर्मा हिंदुओं से फादर और चादर से दूर रहने की हिमायत दे रहे हैं। भोपाल में एक दशहरा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शर्मा ने यह बात कही। सिर्फ इतना ही नहीं, रामेश्वर शर्मा ने अपने ट्विटर हैंडल से इस भाषण का वीडियो ट्वीट भी किया है।
फादर और चादर वालों से दूर रहो, जय श्रीराम ही हमारा स्वाभिमान है 🚩@KapilMishra_IND @nisheethsharan pic.twitter.com/YWREanqL1J
— Rameshwar Sharmaa (@rameshwar4111) October 17, 2021
सुबह उठकर गुड मॉर्निंग कहना बंद करो
भोपाल में आयोजित दशहरा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा कहते हैं, फादर और चादर से दूर हो जाओ हिंदुओं, नहीं तो ये तुम्हें बर्बाद कर देंगे। पीर बाबा से दूर रहो। ये पीर बाबा तुम्हारे हनुमान मंदिर जाने में बाधा हैं। विधायक शर्मा यहीं नहीं रुकते। वह आगे कहते हैं कि पीरों को पूजने वालों से बोल दो कि तुम जमीन पर दफन पर भरोसा करते हो, हम दुनिया को चलाने वाले पर भरोसा करते हैं, जो बजरंग बली हैं। शर्मा ने आगे कहा, अपनी संस्कृति का ख्याल रखो और गुड मॉर्निंग कहना बंद कर दो। सुबह उठकर श्लोक पढ़ें और धरती मां को धन्यवाद कहें जो हमें बहुत कुछ देती है।
विपक्ष ने की कार्रवाई की मांग, भाजपा बोली निजी विचार
विधायक रामेश्वर शर्मा के इस विवादास्पद भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष के नेताओं ने अल्पसंख्यकों का अपमान करने के लिए उनके ऊपर कार्रवाई की मांग की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अजय यादव ने कहा कि रामेश्वर शर्मा ने अल्पसंख्यक समुदाय का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वो भी ऐसा ही सोचते हैं। अगर वो ऐसा नहीं सोचते हैं तो फिर शर्मा के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि शर्मा ऐसी बातें कहकर विभिन्न समुदायों के बीच विवाद पैदा कर रहे हैं। इस बीच भाजपा नेताओं ने इसे शर्मा का निजी विचार बताया है। मध्य प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि यह विधायक रामेश्वर शर्मा के निजी विचार हैं। वह सिर्फ लोगों को धर्म परिवर्तन के प्रति आगाह कर रहे थे। उन्होंने किसी समुदाय का अपमान नहीं किया है।





