भिलाई। कुम्हारी लोटस सिटी निवासी महिला की संदिग्ध मौत हो गई। मामले में मृतक महिला के पति ने फांसी लगाकर खुदकुशी करने की बात कही है। वहीं पटना बिहार से भिलाई पहुंचे मृतका के मामा का कहना है उसकी भांजी की हत्या हुई है। मामले में कुम्हारी पुलिस का कहना है कि मृतका का पोस्टमार्टम करा दिया गया है, पीएम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिली जानकारी के अनुसार लोटस सिटी कुम्हारी निवासी नेहा (26) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। कुम्हारी पुलिस को इसकी जानकारी मंगलवार रात करीब 11 बजे मिली। मृतका नेहा के पति ओम प्रकाश केसरी ने पुलिस को बताया कि नेहा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। उसने और उसके बड़े भाई राजकेशरी ने रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा। वहीं इस मामले में मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
आए दिन होता था झगड़ा, दहेज के लिए भी पति करता था प्रताडि़त
परिजनों ने इस मामले में मृतका के पति ओम प्रकाश केसरी व उसके भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका नेहा के मामा पटना बिहार निवासी सौरभ कुमार ने बताया कि तीन बरस पहले उनकी भांजी का विवाह ओमप्रकाश से हुआ था। विवाह के डेढ़ साल बाद ही उसका पति उससे झगड़ा कर तलाक की मांग करने लगा। सौरभ कुमार का कहना है कि ओमप्रकाश का किसी अन्य महिला से प्रेम प्रसंग है जिसके कारण वह उनकी भांजी से मारपीट करता था। हम समझाईश देते रहे सबकुछ ठीक हो जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सौरभ कुमार ने बताया कि परसो रात को हमें फोन आया कि आपकी भांजी ने आत्महत्या की कोशिश की है, हम उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। इसके कुछ देर बाद फोन आया कि आपकी भांजी की मौत हो गयी है। सौरभ कुमार का कहना है उनकी भांजी के पति ओमप्रकाश कहानी बना रहे हैं। जबकि यह पूरी घटना सोची समझी साजिश की ओर इशारा कर रही है।




