गांधीनगर (एजेंसी)। भूपेंद्र पटेल गुजरात के अगले मुख्यमंत्री होंगे। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगाई गई। वह जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। दरअसल विजय रूपाणी के गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अगले मुख्यमंत्री की तलाश शुरू हुई थी।
भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर और प्रह्लाद जोशी और पार्टी महासचिव तरुण चुग भी मौजूद रहे। तोमर ने रविवार सुबह भाजपा के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल से मुलाकात की थी। रूपाणी (65) ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अचानक इस्तीफे की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात की 182 विधानसभा सीटों के लिए दिसंबर 2022 में चुनाव होने हैं।
रूपाणी (65) कोरोना वायरस महामारी के दौरान भाजपा शासित राज्यों में पद छोडऩे वाले चौथे मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने दिसंबर 2017 में मुख्यमंत्री के तौर पर दूसरी पारी के लिए पद की शपथ ली थी। उन्होंने राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात और उन्हें इस्तीफा पत्र सौंपने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘मैंने गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। मुझे पांच साल तक राज्य की सेवा करने का मौका दिया गया। मैंने राज्य के विकास में योगदान दिया। मेरी पार्टी जो कहेगी, आगे मैं वही करूंगा। रूपाणी सबसे पहले आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद सात अगस्त 2016 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे और वह 2017 विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद पद पर बने रहे।





